कुल पेज दृश्य

गुरुवार, 9 अगस्त 2012

महँगे और आकर्षक पौधों के प्रति बढ़ता क्रेज

रंग बिरंगे फूलों की दुकान
पत्थलगांव/ रमेश शर्मा
बरसात के मौसम में घरों के आसपास विभिन्न फूल तथा अन्य शो पीस पौधे रोपने के लिए उपयुक्त मौसम होने के कारण इन दिनों शहर में रंग बिरंगे फूल एवं विभिन्न प्रजाति के पौधे बेचने वालों की कई जगह दुकान सजी हुई हैं।
    इन दुकानों में तरह तरह के पौधे देखने के बाद आमजन का पौधे रोपने में लगाव बढ़ता जा रहा है। शहर में कई प्रकृतिप्रेमी अपने घरों की छत पर गमलों में पौधे रोप कर पर्यावरण को बढ़ावा दे रहे हैं। रंग बिरंगे फूलों की साज सज्जा से घर भी आकर्षक लगने लगे हैं। अपने घरों की साज सज्जा के लिए ज्यादातर लोगों ने फूल और शो पीस के पौधों को अपनी पहली पसंद बना लिया है।
     शहर में इन दिनों केरल, आन्ध्रप्रदेश, महाराष्ट्र जैसे दूरस्थ राज्यों से लाए गए विभिन्न प्रजाति के पौधे महंगे होने के बाद भी यहंा पर इनकी जमकर बिक्री हो रही है। इन दुकानों में सजे हुए फलदार,फूलदार एवं छायादार पौधे यहंा के लोगों को काफी आकर्षित कर रहे हैं। यंहा पर पंचायती धर्मशाला के आस पास पौधे बेचने वालों की कई दुकान लगी हुई हैं। इन सभी दुकानों में इन दिनों ग्राहको की भीड़ लगी रहती है। जेपी होटल के प्रांगण में भुवनेश्‍वर उड़ीसा से पौधे विक्रय करने वाला अनिल सिंह ने बताया कि वे पिछले एक दशक से पौधे बेचने एवं घरों की साज सज्जा करने का काम कर रहा है। इस विक्रेता ने बताया कि कई घरों में बागवानी तैयार करने का काम किया है।इस विक्रेता के पास 200 से अधिक प्रकार के पौधों का सगं्रह है। इस विक्रेता का कहना था कि वह लोगों की पसंद के अनुसार भांति भांति के पौधे लेकर आता है तथा इसके माध्यम से हरियाली फैलाने का सन्देश भी देता है। श्री सिंह ने बताया कि पिछले साल जिस क्रिसमस ट्री को 200 रू. प्रति नग में बेच रहा था वह पौधा इस वर्ष 350 रू.में बेचा जा रहा है।
                      पौधे लगाने में बढ़ा रूझान 
भुवनेश्‍वर  का पौधे विक्रेता 
 यहां पर पर्यावरण एवं प्रकृति प्रेमी पप्पी भाटिया ने बताया कि विभिन्न सजावटी व फूलदार पौधों से घर सजाने में आम लोगों का रूझान काफी बढ़ा है।घर का प्रांगण और छत पर गमलों में पौधे मुस्काराते हुए मन को सुकून देते हैं।श्री भाटिया ने बताया कि उनके पास विभिन्न प्रजाति के गुलाब के दो दर्जन से अधिक तथा अन्य रंग बिरंगे फूल वाले पौधों का अच्छा खासा संग्रह है,  इसके बाद भी वे प्रति वर्ष नए फूलवाले पौधे अवष्य खरीदते हैं।उन्होने कहा कि इन पौधों की देखरेख करने में काफी मेहनत करनी पड़ती है। मगर उनके घर की हरियाली किसी आगंतुक को रास आती है तो मन प्रसन्न हो जाता है। यहंा के होटल व्यवसायी महाबीर अग्रवाल ने बताया कि उन्होने गुरबारूगोड़ा काॅलोनी में नया घर बनाया है। इसमें हरियाली को बढ़ावा देने के लिए अलग से भू खंड छोड़ा गया था। इस खाली जगह पर विभिन्न प्रकार के फूलदार और छायादार पौधे रोप देने से घर भी आकर्षक दिखने लगा है।उन्होने कहा कि बरसात का मौसम पौधे रोपने के लिए काफी उपयुक्त है। इन दिनों रोपे गए नारियल के पौधे भी अब काफी आकर्षक लगने लगे हैं।
 रमेश शर्मा

कोई टिप्पणी नहीं: